Article

केजरीवाल को नहीं मिली राउज़ एवेन्यू कोर्ट से राहत, अगली सुनवाई 7 मई को

 23 Apr 2024

दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आज फिर राउज़ एवेन्यू कोर्ट  से राहत नहीं मिली। कोर्ट ने  14 दिन के लिए उनकी न्यायिक हिरासत बढ़ दी। राउज़ एवेन्यू कोर्ट की विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने तिहाड़ जेल अधिकारियों को केजरीवाल को 7 मई दोपहर 2 बजे वर्चुअल कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेश करने का निर्देश दिया है। शराब नीति से जुड़े  कथित घोटाले को लेकर ईडी ने केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। केजरीवाल के अलावा बीआरएस नेता के. कविता की न्यायिक हिरासत भी 7 मई तक बढ़ा दी गयी है। ईडी ने सुनवाई के दौरान कहा कि के. कविता के केस में एजेंसी 60 दिनों में एक नई चार्जशीट दायर करेगी।


 23 अप्रैल तक भेजा था न्यायिक हिरासत में

अरविंद केजरीवाल को ईडी ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। उन्हें 22 मार्च को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट ने केजरीवाल को 28 मार्च तक यानी 7 दिन के लिए रिमांड पर भेजा था। इसके बाद 28 मार्च की सुनवाई में कोर्ट ने उन्हें 1 अप्रैल तक रिमांड पर भेजा था। 1 अप्रैल को कोर्ट ने केजरीवाल को 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। 15 अप्रैल के बाद 23 अप्रैल तक केजरीवाल न्यायिक हिरासत में भेजा था। अब इस मामले को लेकर अगली सुनवाई 7 मई को होगी। 


क्या है मामला

दरअसल ईडी ने केजरीवाल पर आरोप लगाया था कि शराब नीति में बदलाव के लिए केजरीवाल ने दक्षिण समूह के शराब व्यापारियों से 100 करोड़ रुपये की रिश्वत ली थी। इस धनराशि का इस्तेमाल गोवा व पंजाब विधानसभा चुनाव में किया गया था। ईडी ने आरोप लगाया कि शराब नीति घोटाले में केजरीवाल ही मुखिया हैं। ईडी ने दावा किया कि इस पूरी साजिश को विजय नायर और कुछ लोगों ने दक्षिण समूह के साथ मिलकर अंजाम दिया था। इसके जरिए थोक विक्रेता को असाधारण लाभ दिया गया। ईडी ने कहा कि विजय नायर अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के साथ काम करता था। 

 मनीष सिसोदिया भी इसी मामले में जेल में 

 केजरीवाल से पहले शराब नीति केस में आम आदमी पार्टी नेता और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और सांसद संजय सिंह की भी गिरफ्तारी हुई थी। सिसोदिया 26 फरवरी 2023 से जेल में बंद है। संजय सिंह को ED ने 4 अक्टूबर 2023 को गिरफ्तार किया था। इसी महीने 2 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। तिहाड़ में छह महीने रहने के बाद 3 अप्रैल को संजय सिंह बाहर आए थे।


 क्या है विवादित शराब घोटाला
 

आम आदमी पार्टी सरकार 2021-22 में नई शराब नीति लेकर आई थी। यह नीति नवंबर 2021 में लागू हुई, लेकिन विवाद के बाद जुलाई 2022 में रद्द कर दी गई। केजरीवाल की गिरफ्तारी भी इसी मामले में हुई है। इस मामले में दो मुकदमें दर्ज हैं। एक सीबीआई द्वारा और दूसरा कथित मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी द्वारा। इस मामले पर विवाद की शुरुआत जुलाई 2022 में दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार द्वारा उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को सौंपी गई एक रिपोर्ट से हुई थी। रिपोर्ट में इस नीति के निर्माण में कमियों की ओर इशारा किया गया था। मुख्य सचिव की रिपोर्ट में कहा गया था कि आबकारी मंत्री के रूप में सिसोदिया द्वारा लिए गए मनमाने और एकतरफा फैसलों के कारण राजकोष को 580 करोड़ रुपये से अधिक का वित्तीय नुकसान हुआ।